पर्यावरण दिवस पर भाविप ने चलाया वृक्षारोपण, शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्थानीय भारत विकास परिषद शाखा के तत्वावधान में विभिन्न जनजागरूकता एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों की शुरुआत वृक्षारोपण अभियान से हुई, जिसके तहत मुक्तिधाम परिसर में पांच नवीन पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर परिषद के पूर्व वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय शिवदयाल जी पाण्डेय की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा मुक्तिधाम में एक पौधा रोपित किया गया। तीये की बैठक से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में परिवार के सभी सदस्यों ने सहभागिता निभाई।
पर्यावरण दिवस की गतिविधियों के अंतर्गत टीकम चौराहे पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आमजन को तपती दोपहर में नींबू पानी पिलाकर राहत प्रदान की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
परिषद द्वारा पूर्व में भी पर्यावरण जनचेतना के लिए बावड़ी चौराहे पर हस्ताक्षर अभियान का प्रथम चरण आयोजित किया जा चुका है। अभियान के दौरान प्लास्टिक मुक्त वातावरण का संदेश देते हुए 150 कपड़े की थैलियां भी वितरित की गईं तथा लोगों से प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े की थैलियों के उपयोग का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर परिषद अध्यक्ष संपत व्यास के नेतृत्व में कन्हैयालाल सोनी, सत्यनारायण जागेटिया, ओमप्रकाश शर्मा, सूरजकरण लड्ढा, कृष्णगोपाल लड्डा, प्रेमचंद दिनवानी, महादेव प्रसाद मूंदड़ा, दिनेश छतवानी, गुलशन हेमनानी, नवनीत कास्ट, शिवदयाल डाड, अनुराग चौधरी, ज्योति दिनवानी एवं भगवती देवी मूंदड़ा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


