शाहपुरा माहेश्वरी समाज का महेश नवमी महोत्सव: बैडमिंटन विजेताओं का सम्मान, आज से क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू

Published On:

Date:

शाहपुरा माहेश्वरी समाज का महेश नवमी महोत्सव: बैडमिंटन विजेताओं का सम्मान, आज से क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू

बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग, बैडमिंटन विजेताओं का हुआ सम्मान

मोनू सुरेश छीपा | द वॉयस ऑफ राजस्थान

शाहपुरा। महेश नवमी महोत्सव 2026 के अंतर्गत माहेश्वरी समाज शाहपुरा द्वारा आयोजित खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल भावना और सामाजिक एकता का उत्कृष्ट परिचय दिया। महोत्सव के तहत बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं के लिए कैरम, शतरंज (चेस), चेयर रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

17 जून को आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में हार्दिक मंत्री ने प्रथम तथा पनव चेचानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में नव्याश मुंदड़ा प्रथम एवं पिषाश हेड़ा द्वितीय स्थान पर रहे। विजेताओं को समाजजनों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत रात्रि 8 बजे से इंडियन पब्लिक स्कूल मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएं 17 जून से 19 जून तक आयोजित होंगी। बालक वर्ग में गर्व माहेश्वरी दल और आदित्य अजमेरा दल के बीच मुकाबला होगा। पुरुष वर्ग में पवन चेचानी दल बनाम सत्येंद्र भंडारी दल, राजकुमार अजमेरा दल बनाम शुभम मुंदड़ा दल तथा केशव चेचानी दल बनाम संदीप दल के मध्य रोमांचक मैच खेले जाएंगे। वहीं बालिका एवं महिला वर्ग में खुशी मनियार और आरती मूंदड़ा की टीमों के बीच मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहेगा।

प्रतियोगिता प्रभारी भागचंद मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 जून को आयोजित होने वाली निबंध प्रतियोगिता वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम के कारण स्थगित करनी पड़ी थी। बाद में यह प्रतियोगिता 17 जून को दोपहर में माहेश्वरी पंचायत भवन में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।

महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज में एकता, सहयोग और भाईचारे का संदेश प्रसारित हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का वातावरण और अधिक उल्लासपूर्ण बन गया है।

Leave a Comment

Related News