श्री शुभम सेवा संस्थान में निःशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का शुभारंभ, 26 मरीजों का उपचार शुरू
स्वर्गीय सोनी बाई काबरा की पुण्य स्मृति में आयोजित शिविर 21 जून तक चलेगा, स्वास्थ्य के साथ सकारात्मक सोच पर भी दिया जा रहा जोर
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। स्थानीय श्री शुभम सेवा संस्थान में बुधवार को 26 मरीजों के पंजीकरण के साथ निःशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग एवं स्वर्गीय श्रीमती सोनी बाई काबरा की पुण्य स्मृति में आयोजित इस विशाल शिविर का उद्घाटन राजेंद्र काबरा एवं सीमा काबरा ने किया।
संस्थान के मंत्री अनिल चौधरी ने बताया कि शिविर के प्रथम दिन 26 मरीजों ने अपना पंजीकरण करवाया तथा प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. पार्थिव जोशी द्वारा उनका उपचार प्रारंभ किया गया। शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से विभिन्न रोगों का उपचार किया जा रहा है।
संस्थान के संरक्षक पुरुषोत्तम नवाल ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल शरीर ही नहीं, बल्कि मन का स्वस्थ होना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में सकारात्मक सोच और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाता है।
आरएसडब्ल्यूएम के प्रबंधक के.के. तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि जब भी वे इस प्राकृतिक चिकित्सालय में आते हैं, उन्हें सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक उपचार पद्धति को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिविर लाभार्थी सीमा काबरा द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पौधा भी लगाया गया। वहीं उपचार प्राप्त कर चुकी चंडीगढ़ निवासी गरिमा धारीवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें लंबे समय से पेट दर्द की गंभीर समस्या थी, लेकिन 13 दिनों तक प्राकृतिक चिकित्सा उपचार लेने के बाद उन्हें पूर्ण राहत मिली है। उन्होंने चिकित्सालय के समस्त स्टाफ एवं डॉ. पार्थिव जोशी का आभार व्यक्त किया।
शिविर में उपचार प्राप्त कर चुके महावीर गुर्जर एवं सौम्या तलेसरा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए प्राकृतिक चिकित्सा से मिले लाभ की जानकारी दी। योग थैरेपिस्ट अर्चना जोशी ने योग एवं प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को नियमित योग करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सुरेश कुमार चौधरी, महावीर शर्मा, राजेंद्र जैसवाल, कैलाश लढ़ा, रामकिशन त्रिपाठी, सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. पार्थिव जोशी, रमा नवाल, महावीर सिंह, पूर्व पार्षद प्रेम सिंह शर्मा, बालूलाल काल्या, रेड क्रॉस समिति के सचिव हनुमान सोमानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीमा काबरा ने घोषणा की कि स्वर्गीय सोनी बाई काबरा की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष मई माह में यह शिविर आयोजित किया जाएगा तथा वर्ष में एक अतिरिक्त शिविर सितंबर या अक्टूबर माह में भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान शिविर 21 जून तक संचालित रहेगा।
समापन पर टी.सी. जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। साथ ही जानकारी दी गई कि अगला प्राकृतिक चिकित्सा शिविर 9 जुलाई को अरविंद सोमानी के सौजन्य से आयोजित किया जाएगा।
