वाल्मीकि समाज के 70 से अधिक प्रतिभावानों का सम्मान, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने 7 सूत्रीय मांगों पर दिया सकारात्मक आश्वासन
मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान | शाहपुरा | 28 जून 2026
शाहपुरा। अंबेडकर शिक्षा जागृति मंच, शाहपुरा के तत्वावधान में वाल्मीकि पंचायत भवन में आयोजित ‘प्रतिभावान सम्मान एवं अभिनंदन समारोह-2026’ में शिक्षा, खेल एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 70 से अधिक प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाज के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई तथा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा को 7 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. लालाराम बैरवा रहे। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान विधानसभा सचिवालय के सहायक सचिव राजकुमार टांक, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज चित्तौड़गढ़ के एसोसिएट प्रोफेसर निर्मल देसाई, डॉ. सरिता खोखर तथा राजस्थान शिक्षक संघ वाल्मीकि के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश नकवाल शामिल रहे।
मंच पर भाजपा जिलामंत्री राजेंद्र बोहरा, नगर अध्यक्ष पंकज सुगंधी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, अंबेडकर शिक्षा जागृति मंच के अध्यक्ष शांतिप्रकाश घुसर, पूर्व अध्यक्ष गुलाबचंद घुसर एवं वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष गोपाल घुसर सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। भाजपा नेता मोहन गुर्जर, नरेश व्यास सहित बड़ी संख्या में समाजजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
शिक्षा, खेल और संस्कृति की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
शिक्षा सत्र 2025-26 में विभिन्न कक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विधायक डॉ. बैरवा ने सम्मानित किया। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
फूलडोल महोत्सव-2026 की मूंछ प्रतियोगिता एवं साफा बांधो प्रतियोगिता के विजेताओं का भी सम्मान किया गया। एमबीबीएस उत्तीर्ण डॉ. शालिनी घुसर एवं विशाखा घुसर को विशेष प्रतिभा के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं पूनम अटवाल (आसींद) के एसोसिएट प्रोफेसर पद पर चयन सहित जिले की अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
शिक्षा को बताया सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम
सहायक सचिव राजकुमार टांक ने अपने संबोधन में समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। एसोसिएट प्रोफेसर निर्मल देसाई ने कहा कि “शिक्षा को क्रांति के रूप में अपनाकर ही समाज की दशा और दिशा बदली जा सकती है।”
प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश नकवाल ने कहा कि राजस्थान में शाहपुरा क्षेत्र से सर्वाधिक शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षक समाज को मिले हैं, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
समाज ने विधायक को सौंपा 7 सूत्रीय मांगपत्र
कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष गोपाल घुसर ने विधायक डॉ. लालाराम बैरवा को 7 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रमुख मांगों में वाल्मीकि छात्रावास के लिए भूमि आवंटन, अत्याधुनिक सामुदायिक भवन, डिजिटल लाइब्रेरी, उम्मेद सागर रोड स्थित बस्ती में सड़क, पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट, श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण, नगर पालिका में सफाई कर्मचारी भर्ती से संबंधित मांग तथा वाल्मीकि पंचायत भवन परिसर में डोम निर्माण की स्वीकृति शामिल रही।
इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र घुसर एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी सफाई कर्मचारियों की भर्ती से संबंधित मांगपत्र विधायक को सौंपा।
विधायक ने दिया सकारात्मक आश्वासन
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने समाज की सभी सात मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र घुसर (पीटीआई) ने किया। आयोजन को सफल बनाने में घेवरचंद घुसर, कैलाश घुसर, जगदीश घुसर, फूलचंद लोठ, शांतिलाल पीटीआई, माणकचंद घुसर, गणपतलाल घुसर, सुरेशचंद्र घुसर, कालूराम घुसर, अनिल घुसर, रणजीत घुसर, विष्णुदत्त, पुष्पेन्द्र घुसर, मनीष घुसर, रमेशचंद्र घुसर, विजेंद्र घुसर, किशोर जाजोट, गोविंद घुसर, जयकिशन सहित सैकड़ों महिला-पुरुषों का सहयोग रहा।
