रिपोर्ट: मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान | संपर्क: 9667171141
भीलवाड़ा: मन की बात के 135वें संस्करण का हुआ प्रसारण, सांसद सीपी जोशी बोले- ‘मिट्टी के गणेश’ से होगा पर्यावरण संरक्षण
भीलवाड़ा, 28 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को आज भीलवाड़ा के भाजपा जिला कार्यालय में बड़े उत्साह के साथ सुना गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी रहे। उनके साथ सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक गोपाल खंडेलवाल और पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
पीएम मोदी के आह्वान पर पर्यावरण रक्षा का संकल्प
कार्यक्रम के श्रवण के पश्चात सांसद सीपी जोशी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने आगामी गणेश चतुर्थी के लिए देशवासियों से एक विशेष आह्वान किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आमजन और गणेश उत्सव समितियों को प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) के स्थान पर भारत की पवित्र मिट्टी से बनी मूर्तियां स्थापित करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह छोटा सा कदम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा बदलाव लाएगा।
140 करोड़ लोगों की सामूहिक भावना
सांसद जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के 140 करोड़ लोगों की सामूहिक भावना है। पीएम मोदी इस मंच के जरिए समाज के उन गुमनाम नायकों और नवाचारों को सामने लाते हैं, जो स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल जैसे क्षेत्रों में देश को आगे ले जा रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह कार्यक्रम देश को सकारात्मकता और विकास के पथ पर अग्रसर करने का एक सशक्त माध्यम है।
इससे पूर्व सुभाष मंडल अध्यक्ष ऋतुशेखर शर्मा ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इस दौरान जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान | संपर्क: 9667171141
