अपनाघर आश्रम को गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सम्मान समारोह में मिला विशिष्ट सम्मान।
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव )मानव सेवा अपनाघर आश्रम बिजयनगर का भरतपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा “विश्व का सबसे बड़ा महिला सदन (Largest Homeless Shelter – Female)” बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश की अनेक गणमान्य हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में समाज के आश्रयहीन, असहाय, लावारिस एवं पीड़ित लोगों की सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानव सेवा अपनाघर आश्रम, विजयनगर इकाई को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य मंच पर आश्रम को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर उसकी सेवा भावना और समर्पण की सराहना की गई।
विजयनगर इकाई की ओर से संरक्षक मधुसूदन कानोड़िया, सचिव विजय गुप्ता तथा सेवार्थी जय किशन सोनी ने समारोह में भाग लेकर सम्मान ग्रहण किया। उन्होंने अपनाघर परिवार के केंद्रीय नेतृत्व एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सचिव विजय गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान केवल विजयनगर इकाई का नहीं, बल्कि उन सभी दानदाताओं, समाजसेवियों और स्वयंसेवकों का है जिनके सहयोग से मानव सेवा का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज के सामूहिक सहयोग से ही ऐसे मानवीय कार्य निरंतर सफल होते हैं।”
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस सेवा अभियान से जुड़कर असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगाने में अपना योगदान दें।
