गंगापुर में जलझूलनी एकादशी का पर्व उत्साह और आस्था के साथ मनाया गया
गंगापुर
(रिपोर्टर दिनेश लक्षकार)
नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जलझूलनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिरों—राधाकृष्ण मंदिर, श्री दास हनुमान मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, नरसिंह मंदिर, पंचतीर्थ बालाजी मंदिर और चारभुजा मंदिर—से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पंचतीर्थ बालाजी मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होती हुई मुनि धाम पहुंची।
शोभायात्रा के प्रभारी लादूलाल जागेटिया ने बताया कि हजारों श्रद्धालु बैंड, ढोल और डीजे की मधुर धुनों पर नाचते-गाते हुए शामिल हुए। आलोक विद्या मंदिर की ओर से शोभायात्रा में शिवाजी महाराज, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, भारत माता और राधा-कृष्ण की जीवंत झांकियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गुलाल और पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। मार्ग में भक्तों को साबूदाने की खिचड़ी, केले, सेव और ठंडाई का प्रसाद वितरित किया गया। मुकेश वैष्णव के नेतृत्व में मार्ग में अखाड़ा प्रदर्शन भी हुआ, जिसमें पहलवानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। पूरा वातावरण “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “जय चारभुजा नाथ की” के जयघोष से गूंज उठा। सोमदत्त डीडवानिया चैरिटेबल ट्रस्ट के चेतन प्रकाश डीडवाना व उनके परिवारजनों और विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष जगदीश झवर , खण्ड संयोजक घनश्याम सिंह राठौड़ द्वारा सभी बेवानों की महा आरती की गई। मुनि धाम पहुंचने पर भगवान को फव्वारा स्नान और बारिश में स्नान करवाया गया। तत्पश्चात महा आरती और प्रसाद वितरण हुआ।
शोभायात्रा में बजरंग कीर्तन मंडल, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह आयोजन आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का प्रतीक बना।


