गंगापुर नगर में धूमधाम से मनाया गया आरएसएस का विजयादशमी उत्सव,
(शताब्दी वर्ष का शुभारंभ)
गंगापुर
(रिपोर्टर दिनेश लक्षकार)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गंगापुर नगर में विजयादशमी उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस शताब्दी वर्ष के प्रारंभिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित इस उत्सव में संघ के स्वयंसेवक, समाज के प्रतिनिधि तथा मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। यह आयोजन न केवल संघ की सदीभर की यात्रा का उत्सव था, बल्कि हिंदू समाज को एकजुट करने और राष्ट्रीय पुनर्जागरण की दिशा में एक नई शुरुआत का प्रतीक भी साबित हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस भीलवाड़ा जिला ग्रामीण के जिला कार्यवाह श्रवण कुमार और मुख्य अतिथि
सर्ववेद विहंगम के कैलाश पारीक रहे। जिला कार्यवाह ने कहा कि शताब्दी वर्ष के दौरान संघ हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करेगा। इनमें पंच परिवर्तन नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता, स्व-भाव का विकास, कुटुंब प्रबोधन तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। संघ के स्वयंसेवक घर-घर जाकर हर हिंदू परिवार तक पहुंचेंगे और समाज निर्माण के इस पवित्र कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। यह अभियान केवल संघ का नहीं, अपितु सम्पूर्ण राष्ट्र का आह्वान है।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे शताब्दी वर्ष अभियान का स्थानीय स्तर पर उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां विजयादशमी को अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक के रूप में मनाते हुए संघ ने एक वर्ष तक चलने वाले सात प्रकार के विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की है। इनमें घर-घर संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, प्रबुद्ध जन गोष्ठियां तथा शाखा विस्तार प्रमुख हैं। नागपुर में मुख्य समारोह में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के उद्बोधन के साथ शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ हो चुका है।


