वंदे मातरम के 150 वर्ष: विद्यार्थियों ने किया सामूहिक गान
“वंदे मातरम स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा है” — केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक
उदयपुर। ✍️ मोनू सुरेश छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, उदयपुर द्वारा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पानेरियों की मादड़ी में वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ब्यूरो के सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि “वंदे मातरम” गीत का इतिहास भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा रहा है। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत भारत माता की आराधना का दिव्य स्वर है, जिसने ब्रिटिश शासन के दौरान राष्ट्रीय चेतना को प्रज्वलित किया और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।
जनजातीय गौरव दिवस का महत्व भी बताया
श्री मीणा ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष व बलिदान को याद करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को उनके विचारों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार पूरे देश में 15 नवंबर 2024 से 15 नवंबर 2025 तक भगवान बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मना रही है।
“वंदे मातरम ने समाज को एकजुट किया” — प्राचार्या
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंजू श्रीमाली ने कहा कि वंदे मातरम ने जाति, धर्म और भाषा की सीमाओं से ऊपर उठकर पूरे भारत को एक सूत्र में पिरोया। यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जनसभाओं, प्रदर्शनों और जेल जाने से पहले क्रांतिकारियों की प्रेरणा बना।
बच्चे देश का भविष्य हैं — उप-प्राचार्या
उप-प्राचार्या श्रीमती अंजना व्यास ने बाल दिवस पर संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं और उनका संरक्षण, नैतिक विकास व उचित मार्गदर्शन हम सबका दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को महान व्यक्तित्वों की जीवनियां पढ़ने की प्रेरणा दी, जिससे वे चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकें।
सामूहिक गान, प्रश्नोत्तरी और पुरस्करण
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्टाफ ने मिलकर वंदे मातरम का सामूहिक गान किया। वंदे मातरम, जनजातीय गौरव दिवस और बाल दिवस विषयों पर आधारित मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसके विजेताओं को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री रवि कुमार योगी ने किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित श्री लक्ष्मीनारायण (पीटीआई), श्रीमती भावना (लैब सहायक) और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



