शहीद बारहठ बंधुओं की स्मृति में 23 दिसंबर को होगा 52वां शहीद मेला
— तैयारी समिति की बैठक में रैली, लघु नाटिका, प्रतियोगिताएं व स्मारकों पर विशेष सजावट के प्रस्ताव पारित
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा। स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी बारहठ बंधुओं की अमर स्मृति में पिछले 51 वर्षों से आयोजित होने वाला शहीद मेला इस वर्ष भी 23 दिसंबर को त्रिमूर्ति स्मारक पर श्री केसरी सिंह बारहठ स्मारक समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
सोमवार दोपहर संस्थान के संयोजक कैलाश चंद्र व्यास एवं अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़ की अध्यक्षता में हुई तैयारी बैठक में समारोह को भव्य स्वरूप देने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संस्थान के मंत्री अनुज कांटिया ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
अखिल व्यास द्वारा प्रतिवर्ष श्री केसरी सिंह बारहठ सम्मान प्रदान किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। साथ ही 23 दिसंबर को विद्यार्थियों की रैली, क्रांतिकारियों पर आधारित लघु नाटिका का मंचन तथा महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान त्रिमूर्ति स्मारक, बारहठ संग्रहालय और महाविद्यालय स्थित स्मारक पर विशेष लाइटिंग किए जाने का प्रस्ताव वरिष्ठ पार्षद डॉ. ईशाक खान कायमखानी, पूर्व पार्षद सुभाष व्यास और स्वराज सिंह शेखावत ने रखा, जिसे समिति ने मंजूरी प्रदान की।
वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु वरिष्ठ नागरिक संस्थान के सचिव कैलाश वर्मा को संयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए तथा सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और गरिमामयी बनाने का संकल्प लिया।


