ट्विनिंग ऑफ स्कूल गतिविधि के तहत पीएम श्री विद्यालय कादेड़ा दल ने मॉडल स्कूल शाहपुरा का किया शैक्षणिक अवलोकन
स्मार्ट क्लास, प्रयोगशालाओं, अटल टिंकरिंग लैब, खेल सुविधाओं और नवाचारों का अध्ययन; दोनों विद्यालयों में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति
By: *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। पीएम श्री विद्यालय योजना के अंतर्गत ट्विनिंग ऑफ स्कूल गतिविधि के तहत पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कादेड़ा की टीम ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, शाहपुरा का शैक्षणिक अवलोकन किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों के बीच अनुभव साझा कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और सुदृढ़ करना है।
मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने बताया कि अवलोकन दल में व्याख्याता अशोक कीर, महावीर प्रसाद कुमावत, सरिता मीना, कीर्ति नागर सहित विद्यालय की चयनित छात्राएँ शामिल थीं। टीम ने स्कूल की शैक्षणिक व सहशैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों, स्मार्ट कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल संसाधनों सहित संपूर्ण भौतिक सुविधाओं का विस्तृत अध्ययन किया।
मॉडल स्कूल शाहपुरा के प्रधानाचार्य ईश्वर लाल मीणा ने स्वागत करते हुए विद्यालय में संचालित श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों, नवाचारों तथा शिक्षण–अधिगम प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की। दोनों विद्यालयों ने भविष्य में सहयोगात्मक गतिविधियों, अनुभव विनिमय और उन्नत शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर सहमति जताई।
अवलोकन के दौरान छात्राओं ने प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भागीदारी की और विशेष रूप से विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब में किए जा रहे नवाचारों को नज़दीक से समझा। कार्यक्रम के अंत में पीएम श्री और मॉडल विद्यालय की छात्राओं के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच भी आयोजित किया गया।
अंत में अवलोकन दल ने मेजबान विद्यालय का धन्यवाद व्यक्त करते हुए इस पहल को शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।


