*सड़क सुरक्षा पकड़वाड़ा अभियान का शुभारंभ, टोल प्लाजा पर वाहनों को रोककर दिया संदेश*
— *जिला परिवहन अधिकारी अनिल कायत व एडीएम प्रकाश चंद्र ने किए जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व*
*मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा, 11 दिसंबर 2025।
राज्य सरकार द्वारा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 11 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पकड़वाड़ा अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिला परिवहन कार्यालय शाहपुरा की ओर से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाहपुरा टोल प्लाजा पर की गई, जहां वाहनों को रोककर चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान एडीएम प्रकाश चंद्र, जिला परिवहन अधिकारी अनिल कायत, एमवी कोस्तुभ जोशी, उत्कर्ष शर्मा सहित समस्त उड़न दस्ता दल मौजूद रहा। टीम ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहनों को रुकवाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, स्पीड लिमिट तथा ओवरलोडिंग जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।
जिला परिवहन अधिकारी अनिल कायत ने बताया कि 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक पूरे शाहपुरा क्षेत्र में विशेष निगरानी और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इस दौरान परिवहन विभाग की टीम लगातार सड़क पर गश्त कर वाहन चालकों को सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने का एकमात्र प्रभावी तरीका है—‘सख्ती के साथ जागरूकता और स्वानुशासन।’
अभियान के प्रथम दिन किए गए जागरूकता कार्यक्रम में आमजन ने भी सहयोग दिखाया और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।


