डॉ. कैलाश मण्डेला को मिलेगा ‘श्री संतोष कुमार वर्मा स्मृति शब्द साधक सम्मान–2025’
सम्मान समारोह 25 दिसंबर को आगरा में आयोजित होगा
By: *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। साहित्य सृजन कला संगम के सचिव, हिन्दी एवं राजस्थानी भाषा–साहित्य के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि, केन्द्रीय साहित्य अकादमी से पुरस्कृत साहित्यकार और गीतकार डॉ. कैलाश मण्डेला को आगरा (उ.प्र.) स्थित प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘शब्द साधक’ द्वारा वर्ष 2025 का ‘श्री संतोष कुमार वर्मा स्मृति शब्द साधक सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 25 दिसंबर 2025 को आगरा में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के दौरान प्रदान किया जाएगा।
‘शब्द साधक’ संस्था द्वारा यह वार्षिक सम्मान दिवंगत साहित्यकार संतोष कुमार वर्मा की साहित्य, संस्कार और सृजनशीलता की परंपरा को आगे बढ़ाने हेतु प्रदान किया जाता है। संस्था की परंपरा अनुसार 2021 से अब तक देश के कई शीर्षस्थ गीतकारों को यह सम्मान प्रदान किया जा चुका है—
- 2021 – डॉ. सोम ठाकुर (आगरा)
- 2022 – रामेंद्र मोहन त्रिपाठी (आगरा)
- 2023 – बलराम श्रीवास्तव (किशनी)
- 2024 – डॉ. शिव ओम अम्बर (फर्रुखाबाद)
सुप्रसिद्ध कवयित्री सपना सोनी के संयोजन में यह कार्यक्रम पिछले पाँच वर्षों से निरंतर भव्यता के साथ आयोजित होता आ रहा है।
डॉ. मण्डेला के साहित्य में शोधपरकता, नवाचार और दोहा–गीत शैली की विशिष्ट छाप देखने को मिलती है। अब तक उनकी आठ से अधिक कृतियाँ प्रकाशित हो चुकी हैं। राजस्थानी दोहा छंद में कुरल काव्य का अनुवाद केन्द्रीय साहित्य अकादमी से प्रकाशित एवं पुरस्कृत है। इसके साथ ही डींगल काव्य ‘ढोला–मारू’ का हिंदी दोहा अनुवाद भी अकादमी सहयोग से प्रकाशित किया जा चुका है। हिन्दी और राजस्थानी के प्रमुख गीतकारों में स्थापित डॉ. मण्डेला वर्तमान समय के महत्वपूर्ण साहित्य–स्तंभ माने जाते हैं।
सम्मान समारोह के साथ आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित कविगण—पवन आगरी, शशांक प्रभाकर नीरज, डॉ. नितिन मिश्रा, राकेश निर्मल, संजीत सजल सहित अन्य आमंत्रित कवि अपनी ओजस्वी एवं विविधधर्मी रचनाओं से काव्य–रस की अविरल धारा प्रवाहित करेंगे।


