राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में ‘नई किरण नशा मुक्ति केंद्र’ के तहत विशेष व्याख्यान आयोजित
— युवाओं को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया गया
By: k.k. Bhandari
बनेड़ा। राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में ‘नई किरण नशा मुक्ति केंद्र’ के तत्वावधान में दिसंबर माह का विशेष जागरूकता व्याख्यान गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले सामाजिक–मानसिक नुकसान और नशामुक्ति के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज और युवा शक्ति दोनों को खोखला करता है, ऐसे में शिक्षा संस्थानों पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे युवा पीढ़ी को सही दिशा दिखाएं और नशामुक्त समाज निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं।
व्याख्यान के मुख्य वक्ता डॉ. कश्मीर भट्ट (आचार्य, भूगोल — मा.ला.व. राजकीय महाविद्यालय, भीलवाड़ा) रहे। उन्होंने नशे की लत के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोपाल चरण सिसोदिया (राजाधिराज बनेड़ा) ने नशा त्याग को युवाओं के भविष्योन्मुखी जीवन का अनिवार्य संकल्प बताया। विशिष्ट अतिथि लादू लाल खोईवाल, प्यार चंद कुम्हार और प्रभाकर पाटोदिया ने भी अपनी प्रेरक बातें रखते हुए महाविद्यालय प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का सफल संयोजन एवं संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थित छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापन किया। व्याख्यान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय में नशा मुक्ति संकल्प पत्र हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत भी की गई। साथ ही नशा मुक्ति पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों—निधि पोरवाल, गायत्री रैगर, दीपिका पड़िहार, अलीशा बानो, राजनंदनी जीनगर, भावना माली, संजू माली—को सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकार वाले कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


