भाजपा का दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शिविर सम्पन्न।
====
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव )
भाजपा प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा गुलाबपुरा मंडल द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर सार्वजनिक धर्मशाला में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण महाअभियान में संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण का संकल्प लिया। शिविर के द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रातः योग एवं प्रार्थना से हुई, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात आयोजित तृतीय सत्र में सांसद दामोदर अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे एवं सत्र की अध्यक्षता विधायक जब्बर सिंह सांखला ने की। दोनों ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की मूल भावना एवं सिद्धांतों से अवगत कराया। चतुर्थ सत्र में कन्हैयालाल खटोड ने भाजपा की कार्यपद्धति एवं संगठनात्मक संरचना को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। पंचम सत्र में रामप्रसाद टांक ने बूथ प्रबंधन के महत्व को रेखांकित करते हुए जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने के व्यावहारिक उपाय बताए। छठे सत्र में नथेन्द्र सिंह नाथड़ियास ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संगठन की उपस्थिति बढ़ाने एवं सकारात्मक संदेशों के प्रसार पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
समापन सत्र में भीलवाड़ा के पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जनसंघ काल से लेकर वर्तमान तक भाजपा के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष एवं विकास यात्रा का विस्तृत वर्णन करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन के मूल मूल्यों एवं आदर्शों से जोड़ने का कार्य किया। समारोप सत्र में विधानसभा संयोजक केसर सिंह, मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राठौड़, प्रशिक्षण प्रमुख कृष्णगोपाल त्रिपाठी, पूर्व प्रधान कन्हैयालाल वैष्णव एवं राजेंद्र गुर्जर सहित कई गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन महामंत्री मनोज तोषनीवाल एवं मंडल महामंत्री पीयूष मेवाड़ा द्वारा किया गया। अंत में मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षण महाअभियान के सफल आयोजन हेतु समस्त कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण महाअभियान में मंडल कार्यकारिणी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, पार्षद सहित विभिन्न स्तरों के दायित्ववान कार्यकर्ताओं की अपेक्षित एवं सक्रिय सहभागिता रही, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण ऊर्जा प्राप्त हुई।
भाजपा का दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शिविर सम्पन्न।
Leave a comment
Leave a comment


