शाहपुरा में बदहाल सड़क बनी मुसीबत: लीकेज के बाद उबड़-खाबड़ मरम्मत, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
फूलडोल महोत्सव से पहले जल्दबाजी में की गई मरम्मत, अब फिर बिगड़े हालात—प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा। शहर के मुख्य बाजार स्थित चारभुजा नाथ मंदिर के पास सड़क की बदहाल स्थिति अब आमजन के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। जलदाय विभाग की पाइपलाइन लीकेज के बाद सड़क धंसने और पानी भराव की समस्या पहले ही सामने आ चुकी थी, लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है।
गौरतलब है कि फूलडोल महोत्सव शुरू होने से पहले द वॉयस ऑफ राजस्थान द्वारा आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद विभाग ने आनन-फानन में सड़क की मरम्मत तो करवाई, लेकिन यह कार्य बेहद लापरवाही और उबड़-खाबड़ तरीके से किया गया। नतीजतन, कुछ ही समय में सड़क फिर से खराब हो गई और अब हालत इतनी बिगड़ चुकी है कि वहां से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि इस तरह की आधी-अधूरी मरम्मत से समस्या का समाधान नहीं, बल्कि और ज्यादा खतरा पैदा हो गया है। सड़क पर गड्ढे, कीचड़ और असमान सतह के कारण कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द स्थायी समाधान किया जाए। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में हालात और भी खराब हो सकते हैं।


