भीलवाड़ा में भारतीय पत्रकार संघ की बड़ी बैठक, नई टीम का गठन; भेरूलाल माली प्रदेश सचिव, पंकज आडवाणी जिलाध्यक्ष बने
संगठन विस्तार पर जोर, पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सक्रियता बढ़ाने के निर्देश
✍️ *मोनू सुरेश छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान9667171141*
भीलवाड़ा।
भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को शहर के एक निजी होटल में प्रदेश अध्यक्ष कमल कुमार जोटा के सानिध्य में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष जोटा ने भेरूलाल माली को प्रदेश सचिव तथा पंकज आडवाणी को जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया। नियुक्तियों की घोषणा के साथ ही संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष जोटा ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष पंकज आडवाणी को निर्देश दिए कि वे शीघ्र ही जिला कार्यकारिणी का विस्तार करें और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाए और उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
बैठक में राजकुमार माली, महेंद्र नागौरी, भेरूलाल माली, राजकुमार गोयल, गोपाल वैष्णव, बृजेश शर्मा, राजेश जीनगर, सुभाष व्यास, प्रहलाद तेली (शाहपुरा) सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने प्रदेश अध्यक्ष का दुपट्टा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) वर्तमान में देश के 22 राज्यों में सक्रिय है और पत्रकारों के अधिकारों व हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, जिससे संगठन का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है।


