RAS Result 2024: गुलाबपुरा के नवीन शर्मा ने लहराया परचम, राजस्थान में हासिल किया तीसरा स्थान
गुलाबपुरा/शाहपुरा (रामकिशन वैष्णव): राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा जारी आरएएस (RAS) परीक्षा 2024 के परिणामों में गुलाबपुरा के होनहार नवीन शर्मा ने प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नवीन की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे भीलवाड़ा जिले और विशेषकर गुलाबपुरा में खुशी की लहर दौड़ गई है।
साधारण परिवार, असाधारण सफलता:
हुरड़ा रोड, गुलाबपुरा के निवासी नवीन शर्मा के पिता मुकेश शर्मा पेशे से अध्यापक हैं। एक शिक्षक के पुत्र द्वारा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित सेवा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करना युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। नवीन की सफलता की खबर मिलते ही उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
क्षेत्र में जश्न का माहौल:
नवीन शर्मा के आरएएस टॉपर बनने पर क्षेत्रवासियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध जनों ने नवीन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया है।


