हुरडा में पक्षियों के लिए उमड़ा प्रेम: भाविप ने बाँधे परिंडे, विद्यालय में हुआ नए कमरों का शिलान्यास
रामकिशन वैष्णव।द वॉयस ऑफ राजस्थान
हुरडा/गुलाबपुरा। पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में आज हुरडा ग्राम में विकास की नई इबारत लिखी गई। भारत विकास परिषद (भाविप) शाखा गुलाबपुरा द्वारा पक्षियों के दाने-पानी के लिए परिंडा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही, स्थानीय राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (HZL) के सौजन्य से दो नए कमरों के निर्माण हेतु नींव पूजन एवं मुहूर्त संपन्न हुआ।
जल ही जीवन: 31 परिंडों का वितरण
भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों की सेवा के लिए परिषद द्वारा कुल 31 परिंडे वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान परिषद के वरिष्ठ सदस्य रतनलाल लखारा ने ‘जल ही जीवन है’ विषय पर जोर देते हुए ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। उल्लेखनीय है कि ‘एक शाखा एक गांव’ योजना के तहत परिषद ने हुरडा ग्राम को गोद लिया हुआ है, जिसके अंतर्गत यहाँ निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
शिक्षा के ढांचे को मिलेगी मजबूती
हिंदुस्तान जिंक के सीएसआर (CSR) प्रमुख भुवनेश कुमार ने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना की और विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर खुशी जताई। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नए कमरों की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद: इस दौरान जीएसएस अध्यक्ष गजराज चौधरी, एंडी मैडम (HZL), प्रशासक शायरी देवी जाट, पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि मिश्रीलाल, प्रधानाचार्य गोपाल लाल भील, जसराज रेगर, विजय वैष्णव, कालूराम भांभी, मंजू देवी लखारा और सत्येंद्र गर्ग सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


