अजमेर से शाहपुरा के लिए सुबह की सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत
रविवार से शुरू हुई प्रातःकालीन कनेक्टिविटी बस, व्यापारियों और विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा
शाहपुरा |
शाहपुरा और अजमेर के बीच वर्षों से लंबित सुबह की सीधी बस सेवा की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। राजस्थान रोडवेज के अजमेर डिपो द्वारा रविवार से अजमेर-शाहपुरा के बीच प्रातःकालीन सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बस चालक भेरूलाल गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बस प्रतिदिन सुबह 8:20 बजे अजमेर डिपो से रवाना होगी और करीब 11:30 बजे शाहपुरा पहुंचेगी। इसके बाद बस आधे घंटे शाहपुरा में रुकने के पश्चात दोपहर 12:00 बजे पुनः अजमेर के लिए रवाना होगी और लगभग 3:30 बजे अजमेर डिपो पहुंच जाएगी।
गौरतलब है कि अब तक शाहपुरा से सुबह 7 बजे के बाद अजमेर के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। यात्रियों को पहले शाहपुरा से गुलाबपुरा और फिर वहां से दूसरी बस के माध्यम से अजमेर जाना पड़ता था। वहीं अजमेर से शाहपुरा के लिए भी केवल दोपहर 3:15 बजे एकमात्र सीधी बस संचालित होती थी।
नई बस सेवा शुरू होने से अब यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और समय की भी बचत होगी। स्थानीय लोगों ने रोडवेज प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया है।


