हैप्पी आवर्स स्कूल में मदर्स डे धूमधाम से मनाया, मातृशक्ति का हुआ सम्मान
बच्चों ने डांस, रैंप वॉक और हस्तनिर्मित कार्ड से मां को दिया खास ट्रिब्यूट
गुलाबपुरा | रामकिशन वैष्णव
स्थानीय में मदर्स डे हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के एलकेजी से द्वितीय कक्षा तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी अध्यापिकाओं के साथ मिलकर माताओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित मातृशक्ति द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद स्कूल की अध्यापिकाओं ने तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर सभी माताओं का स्वागत किया।
स्वागत उद्बोधन में विद्यालय के डायरेक्टर दिनेश छतवानी ने मदर्स डे पर समस्त मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि मां हमारे जीवन की प्रथम गुरु होती है और वही हमारे जीवन को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन ने सभी बच्चों एवं अभिभावकों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी माताओं ने अपने बच्चों के साथ रैंप वॉक किया। मदर और बच्चों के लिए समान ड्रेस कलर कोड रखा गया था। आकर्षक परिधानों में मातृशक्ति ने अपने बच्चों के साथ रैंप पर वॉक कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उपस्थित दर्शकों ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन किया।
विद्यालय स्टाफ प्रतिनिधि जया छतवानी एवं अन्य शिक्षिकाओं द्वारा मंच पर आमंत्रित सभी माताओं को टीयारा, सेश, बुके एवं गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की थीम यह रही कि मां अपने बच्चों के लिए किसी परी और देवी स्वरूप से कम नहीं होती, जो उनकी हर इच्छा पूरी करने के लिए सदैव समर्पित रहती है।
मदर्स डे विशेष गीतों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी माताओं को समर्पित सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां भी दीं, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। वहीं बच्चों ने अपने हाथों से बनाए मदर्स डे कार्ड अपनी माताओं को भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन केक कटिंग एवं ग्रुप फोटो सेशन के साथ हुआ। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को मदर्स डे की शुभकामनाएं दीं। अंत में डायरेक्टर दिनेश छतवानी ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।


