धन धन श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर मीठे शर्बत की छबील 11 मई सोमवार को
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। सिखों के पांचवें गुरु, शांति, सेवा और सहनशीलता के प्रतीक धन धन सतगुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज के पावन शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में ट्रस्ट श्री गुरु सिंह सभा बिजयनगर एवं सिख समाज की ओर से 11 मई सोमवार को मीठे शर्बत की छबील सेवा का आयोजन किया जाएगा।
यह सेवा शाम 5 बजे से होटल गंगा के सामने, गुरु नानक साइकिल स्टोर के पास आयोजित होगी, जहां राहगीरों एवं आमजन को ठंडा एवं मीठा शर्बत वितरित किया जाएगा।
ट्रस्ट श्री गुरु सिंह सभा बिजयनगर के प्रधान सरदार गुरु भेज सिंह टुटेजा ने बताया कि सिखों के पांचवें गुरु धन धन श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज ने मानवता, सेवा, सहनशीलता एवं प्रभु भक्ति का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि गुरु साहिब को भीषण गर्मी में अनेक यातनाएं देकर शहीद किया गया, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भी गुरु साहिब ने ईश्वर की रजा को स्वीकार करते हुए “तेरा भाणा मीठा लागे, हर नाम पदार्थ नानक मांगे” का संदेश देकर धैर्य, समर्पण और प्रभु प्रेम की मिसाल कायम की।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की पावन स्मृति में हर वर्ष तेज गर्मी के मौसम में मीठे शर्बत की छबील लगाकर मानव सेवा का संदेश दिया जाता है, जिससे लोगों को गर्मी में राहत और शीतलता मिल सके। इस सेवा कार्य में सिख समाज बिजयनगर के युवा बच्चे, सेवादार एवं समाजजन बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और गुरु घर की सेवा निभाएंगे।
प्रधान गुरु भेज सिंह टुटेजा ने समस्त संगत एवं आमजन से छबील सेवा में पहुंचकर गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने और सेवा भावना को अपनाने का आह्वान किया।


