17 जून को बिजयनगर में होगा विप्र महाकुंभ 2026, जनसंपर्क और सदस्यता अभियान हुआ तेज
गुलाबपुरा। आगामी 17 जून को कृषि उपज मंडी, बिजयनगर में आयोजित होने वाले विप्र महाकुंभ 2026 को लेकर जनसंपर्क, निमंत्रण एवं सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर गति दी गई है। विप्र फाउंडेशन जोन 1F के अध्यक्ष नवीन शर्मा के नेतृत्व में समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर समाजजनों को कार्यक्रम में सपरिवार भाग लेने का निमंत्रण दे रहे हैं।
अभियान के तहत सेवानिवृत्त डी.ओ. बद्री प्रसाद मिश्रा एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य शिव ओझा ने विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क कर समाजजनों को विप्र महाकुंभ में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया। साथ ही विप्र फाउंडेशन के सदस्यता अभियान के माध्यम से समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है।
जनसंपर्क के दौरान समाजजनों को बताया गया कि विप्र महाकुंभ 2026 ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और सामाजिक चेतना को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक आयोजन होगा। कार्यक्रम में परम पूजनीय प्रखर जी महाराज का पावन सान्निध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त होंगे।
महाकुंभ के दौरान यज्ञोपवीत संस्कार, महिलाओं की भव्य कलश यात्रा, विशाल शोभायात्रा, ढोल-नगाड़ों एवं बैंड-बाजों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विशाल विप्र महासभा तथा समाज के प्रतिभावान एवं विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समस्त विप्र बंधुओं के लिए सामूहिक महा ब्रह्मभोज की भी व्यवस्था रहेगी।
अभियान के दौरान समाजजनों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने समाज के सभी वर्गों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि विप्र महाकुंभ 2026 को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिससे समाजजनों में कार्यक्रम के प्रति व्यापक जागरूकता और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
बाइलाइन:
रामकिशन वैष्णव, गुलाबपुरा


