मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रस्तावित रात्रि चौपाल को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज, अधिकारियों ने लिया जायजा
गुलाबपुरा। उपखंड क्षेत्र के ग्राम खारी का लाम्बा में 5 जून को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित रात्रि चौपाल कार्यक्रम को लेकर जिला एवं स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को क्षेत्रीय विधायक जब्बरसिंह सांखला तथा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी खारी का लाम्बा पहुंचे।
अधिकारियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में बनाए जा रहे हेलीपेड स्थल तथा प्रस्तावित रात्रि चौपाल आयोजन स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही पूर्व जिला परिषद सदस्य हनुवंत सिंह राठौड़, सरपंच महिपाल सिंह एवं विकास आचार्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया तथा कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य जारी है।
रामकिशन वैष्णव
गुलाबपुरा

