भीलवाड़ा: ई-बस डिपो का हुआ नामकरण, अब ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पीएम ई-बस सेवा डिपो’ के नाम से जाना जाएगा
भीलवाड़ा: जनसंघ के संस्थापक और ‘एक निशान, एक विधान’ का नारा देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भीलवाड़ा को एक बड़ी सौगात मिली है। सांसद दामोदर अग्रवाल की विशेष अनुशंसा पर नगर निगम ने शहर में संचालित ई-बस स्टेशन का नाम बदलकर अब ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पीएम ई-बस सेवा डिपो’ कर दिया है।
सांसद अग्रवाल की पहल को सराहा
सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने जानकारी दी कि सांसद दामोदर अग्रवाल की अनुशंसा पर नगर निगम द्वारा की गई इस कार्यवाही का स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है। इस निर्णय के लिए सभी ने सांसद अग्रवाल का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
सच्ची श्रद्धांजलि: सांसद अग्रवाल
नामकरण समारोह के दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। उनकी 125वीं जयंती पर इस डिपो का नाम उनके नाम पर रखना, देश की अखंडता के प्रतीक डॉ. मुखर्जी को एक सच्ची श्रद्धांजलि है।
