समाजसेवी शंभूलाल जोशी ने गैंती चलाकर किया शकुन जल मंदिर का भूमि पूजन
— आयुष अस्पताल भीलवाड़ा में शिलान्यास, स्वर्गीय शकुंतला देवी की स्मृति में होगा निर्माण
By: K.K. Bhandari
भीलवाड़ा। राजकीय आयुष चिकित्सालय भीलवाड़ा परिसर में मंगलवार को शकुन जल मंदिर निर्माण कार्य का भूमि पूजन और शिलान्यास विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। इस मंदिर का निर्माण शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं भामाशाह इंजी. शंभूलाल जोशी (बनेड़ा) अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय शकुंतला देवी जोशी की पावन स्मृति में करवा रहे हैं।
भूमि पूजन के दौरान प्रथम गैंती डॉक्टर प्रियदर्शनी द्वारा चलाई गई, जो स्वर्गीय शकुंतला देवी की पुत्री हैं। इसके बाद चिकित्सालय में कार्यरत दसों चिकित्सकों तथा समाजसेवी शंभूलाल जोशी ने भी क्रमवार गैंती चलाकर शिलान्यास में सहभागिता निभाई। इस दौरान सभी डॉक्टरों ने भी नींव में एक-एक पत्थर रखकर निर्माण कार्य के शुभारंभ को पूर्णता प्रदान की।
आयुष चिकित्सालय परिसर में निर्मित होने वाला शकुन जल मंदिर मरीजों और आगंतुकों के लिए पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने समाजसेवी जोशी के इस सेवा–समर्पण को प्रेरणादायक बताते हुए उनकी सराहना की।
समाजसेवी जोशी ने कहा कि यह निर्माण उनकी दिवंगत पत्नी की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ने का एक प्रयास है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों तक जनसामान्य को मिलता रहेगा।


