गुरलां में 1100 वर्ष पुराने लक्ष्मीनाथ मंदिर के नवनिर्माण की रखी गई नींव, विधि-विधान से हुआ भूमिपूजन
पंडितों के सानिध्य में 5 ईंटों का नींव पूजन, दानदाताओं के सहयोग से बनेगा भव्य मंदिर
सत्यनारायण सेन गुरला
गुरलां। क्षेत्र के प्राचीन और आस्था के प्रमुख केंद्र लक्ष्मीनाथ मंदिर गुरलां के नवनिर्माण को लेकर गुरुवार को विधि-विधान के साथ भूमिपूजन कर नींव रखी गई। करीब 900 से 1100 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर को अब भव्य रूप देने की दिशा में निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है।
गुरुवार को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पंडितों के सानिध्य में मंदिर निर्माण के लिए 5 ईंटों का नींव पूजन कर आधारशिला रखी गई। पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच भक्तों ने भगवान के जयकारों के साथ मंदिर निर्माण की शुरुआत का स्वागत किया।
इस अवसर पर गुरला के पंडित पंकज दाधीच और प्रकाश दाधीच ने विधि-विधान के साथ भूमिपूजन की सभी धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न करवाईं। मंदिर के नवनिर्माण के लिए क्षेत्र के श्रद्धालु एवं दानदाता आगे आकर सहयोग राशि प्रदान कर रहे हैं, जिससे मंदिर को भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम में गुरला ठिकाना के कुंवर महेंद्र सिंह पुरावत, कजोडी मल सेन, घनश्याम शर्मा कारोई, गोवर्धन दाधीच, सूर्य प्रकाश पारीक, रतन सोत्रीय, रामचंद्र सुवालका, कमल किशोर त्रिपाठी, बालूराम दरोगा, रामपाल दाधीच, सत्यनारायण शर्मा, उदयराम सेन, हरकलाल सेन, सत्यनारायण सेन, ललित दाधीच, दीपक दाधीच, मुकेश सोनी, सत्यनारायण वर्मा, किशनदास, वासुदेव दाधीच, बाबूलाल दाधीच सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर नवनिर्माण समिति के सदस्यों ने बताया कि सभी धर्मप्रेमियों के सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को मिठाई वितरित की गई और पूरा परिसर “लक्ष्मीनाथ ठाकुर की जय” के जयकारों से गूंज उठा।
— मोनू सुरेश छीपा


