मेले में “शाहपुरा जिला बहाल करो” सेल्फी पॉइंट बना मुख्य आकर्षण, आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज ने किया समर्थन
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के विश्वप्रसिद्ध फूलडोल महोत्सव के दौरान “शाहपुरा जिला बहाल करो” अभियान को लेकर बनाया गया सेल्फी पॉइंट मेले का मुख्य आकर्षण बन गया है। शाहपुरा जिला बहाल करो संघर्ष समिति के तत्वावधान में लगाए गए इस अनूठे सेल्फी पॉइंट पर बड़ी संख्या में आमजन पहुंचकर समर्थन दे रहे हैं और हस्ताक्षर अभियान में भाग ले रहे हैं।
संघर्ष समिति के महासचिव कमलेश मुंडेतिया ने बताया कि जिले की बहाली की मांग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस आकर्षक सेल्फी पॉइंट की स्थापना की गई है, जो मेले में आने वाले लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
रविवार 8 मार्च को पंचमी के अवसर पर रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज संतों के शाही लवाजमे के साथ इस सेल्फी पॉइंट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शाहपुरा जिले की बहाली की मांग का समर्थन करते हुए सेल्फी ली और हस्ताक्षर अभियान के रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर भी किए।
आचार्य श्री ने रजिस्टर में लिखा –
“शाहपुरा को जिला बनाओ,
देश को आगे बढ़ाओ,
सबका भाग्य जगाओ,
फूलडोल ऐतिहासिक बनाओ।
अपना हक मांगते हैं, किसी से भीख नहीं मांगते।
महापुरुषों की कृपा से शाहपुरा को जिला जरूर बनाओ।”
हस्ताक्षर करने के बाद आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज ने संघर्ष समिति के लंबे संघर्ष के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष दुर्गा लाल राजोरा एवं महासचिव कमलेश मुंडेतिया ने आचार्य श्री और संतों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान संघर्ष समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


