भीलवाड़ा में हरि शेवा उदासीन आश्रम में नवचंडी दुर्गा पाठ, 25 मार्च को सहस्त्रार्चन और 27 को कन्या पूजन
चैत्र नवरात्रि में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य धार्मिक आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भीलवाड़ा शहर स्थित श्री हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में नवचंडी दुर्गा पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन वैदिक विधि-विधान के साथ पूजन, अभिषेक और हवन-यज्ञ संपन्न हो रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पंडित सत्यनारायण शर्मा, पंडित मनमोहन शर्मा और पंडित वासुदेव शर्मा द्वारा दुर्गा सप्तशती का नियमित पाठ किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
25 मार्च को होगा सहस्त्रार्चन
आश्रम में 25 मार्च 2026, बुधवार को प्रातः 9:15 बजे माँ दुर्गा के एक हजार नामों का उच्चारण करते हुए काजू से सहस्त्रार्चन किया जाएगा। इस विशेष अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दुर्गा अष्टमी पर विशेष हवन
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज ने बताया कि 26 मार्च 2026, गुरुवार को दुर्गा अष्टमी के उपलक्ष्य में प्रातः 11:15 बजे विशेष जड़ी-बूटियों से युक्त दुर्गा हवन आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
27 मार्च को कन्या पूजन और भोज
नवरात्रि के समापन अवसर पर 27 मार्च 2026, शुक्रवार को प्रातः 11:15 बजे कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। इसे नवरात्रि का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान माना जाता है।
नवरात्रि का धार्मिक महत्व
स्वामी हंसराम उदासीन के अनुसार नवरात्रि में सहस्त्रार्चन और दुर्गा पाठ करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, सुख-समृद्धि आती है और नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। नवरात्रि पर्व माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना का प्रतीक है, जो जीवन में सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है।
आश्रम में चल रहे इस भव्य आयोजन में संत मायाराम, राजाराम, गोविंद राम, केशव राम, ब्रह्मचारी मिहिर, हीरालाल गुरनानी, अशोक मूंदड़ा, विनोद झूरानी, इंद्र अवतानी, रोमा नोतानी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।


