गोठ मांगलोद मंदिर विवाद व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमले के विरोध में कड़ी कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा ।
====
गुलाबपुरा( रामकिशन वैष्णव) श्री दधीमति माताजी मंदिर, गोठ मांगलोद में चल रहे विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। नवरात्रि मेले के प्रथम दिन 19 मार्च 2026 को दाहिमा (दाधीच) महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दाधीच पर हुए कथित जानलेवा हमले के बाद दाधीच समाज में भारी रोष व्याप्त है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दाधीच सेवा समिति गुलाबपुरा एवं समाज के प्रतिनिधियों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, देवस्थान विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि मंदिर परिसर में पुजारी परिवार द्वारा पूर्वनियोजित तरीके से एकजुट होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमला किया गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट, गाली-गलौच की गई तथा उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। समाज ने इस घटना को केवल व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि दाधीच समाज की कुलदेवी के पवित्र स्थल की मर्यादा और समाज के सम्मान पर सीधा आघात बताया है।
समिति द्वारा दिए गए ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि नागौर जिले के जायल स्थित कुलदेवी मां दधिमती माता मंदिर में पूर्वजों द्वारा पुजारी सेवा की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वर्तमान में पुजारी द्वारा मंदिर को अपना निजी बताकर अनियमितताएं की जा रही हैं। आरोप है कि पुजारी पैसे के लालच में आकर लगातार आने वाले भक्तों के साथ मारपीट करता है, मंदिर प्रवेश के नाम पर शुल्क वसूलता है तथा किसी भी प्रकार के चढ़ावे को स्वीकार करने से पहले मोटी राशि दक्षिणा के रूप में मांगता है।
समाज का कहना है कि लंबे समय से पुजारी द्वारा गड़बड़ी, गुंडागर्दी और मनमानी जारी है, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और मंदिर की पवित्रता प्रभावित हो रही है। इस घटना के बाद पूरे समाज में व्यापक नाराजगी है। दाधीच समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि
दोषी पुजारी वर्ग के विरुद्ध तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दाधीच को सुरक्षा प्रदान की जाए।
मंदिर परिसर में सक्रिय असामाजिक तत्वों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
अभिषेक एवं पूजा-अर्चना के नाम पर हो रही अवैध वसूली को तत्काल बंद किया जाए। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज का सम्मान सर्वोपरि है और उसकी रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। इस दौरान दाधीच सेवा समिति गुलाबपुरा के अध्यक्ष, सचिव सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद थे ।
गोठ मांगलोद मंदिर विवाद व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमले के विरोध में कड़ी कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा ।
Leave a comment
Leave a comment


