भीलवाड़ा के गुरलां में गूंजा जय श्री राम: हनुमान चौकी आश्रम में 372 फीट ऊंचा धर्म ध्वज स्थापित
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
गुरलां, भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा जिले के गुरलां स्थित टेकरी के हनुमान जी (हनुमान चौकी आश्रम) में शुक्रवार को श्री राम नवमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम परिसर में धरातल से 372 फुट की ऊंचाई पर भव्य केसरिया धर्म ध्वज की स्थापना की गई, जिसका व्यास 12×18 फुट है। यह विशाल ध्वज क्षेत्र में आकर्षण और आस्था का केंद्र बना रहा।
धार्मिक अनुष्ठानों की रही धूम
राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रातः काल मंगला आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके पश्चात विधि-विधान से कन्या व लंगूरा पूजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं को फलों और मिष्ठान का भोग प्रसाद वितरित किया गया और दक्षिणा प्रदान की गई।
नगर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आश्रम के महंत श्री पुनीत दास त्यागी जी महाराज के सानिध्य में शाम को गुरलां नगर में भव्य श्री राम शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान शौर्य के प्रतीक अखाड़ा प्रदर्शन का आयोजन भी होगा, जिसमें युवा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
संस्कृति और पर्यावरण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान महंत श्री पुनीत दास त्यागी जी ने बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और त्योहारों के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा, “त्योहार हमारी एकता, शांति और संस्कृति के परिचायक हैं, यही हमारी असली धरोहर है।” इसके साथ ही उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु श्री राम के भजनों पर जमकर नाचे। इस मंगलमय अवसर पर श्री बालाजी समाज सेवा समिति के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह पुरावत, जब्बार सिंह शेखावत, सचिव मुकेश सोनी, गोपाल चुंडावत, केशव शर्मा, श्रवण बुनकर सहित गुरलां नगर के बाल-गोपाल और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


