शाहपुरा जिला चिकित्सालय में स्पेशलिस्ट दंत चिकित्सक की नियुक्ति, अब जिले में ही होगी जबड़े की जटिल सर्जरी
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा । शाहपुरा जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण विस्तार हुआ है। अस्पताल में स्पेशलिस्ट दंत चिकित्सक के पदभार ग्रहण करने से अब स्थानीय स्तर पर ही जटिल उपचार सुलभ हो सकेंगे, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
मैक्सिलोफेशियल सर्जरी की सुविधा अब शाहपुरा में
नव नियुक्त विशेषज्ञ डॉ. रवि वर्मा ने बताया कि उन्होंने मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (Maxillofacial Surgery) में विशेषज्ञता हासिल की है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में जिले के किसी भी अन्य सरकारी चिकित्सालय में इस श्रेणी का विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं है। डॉ. वर्मा के आने से अब सरकारी स्तर पर इलाज का दायरा बढ़ गया है।
मिलेगा इन जटिल बीमारियों का उपचार:
डॉ. वर्मा के अनुसार, अब शाहपुरा जिला चिकित्सालय में निम्नलिखित समस्याओं का इलाज संभव होगा:
- फेशियल इंजरी (चेहरे की चोट) का उपचार।
- जबड़े का फ्रैक्चर (Jaw Fracture) की सर्जरी।
- कटे-फटे जबड़े और जन्मजात विकृतियों का सुधार।
- दांतों और मसूड़ों से जुड़ी अन्य जटिल सर्जरी।
भीलवाड़ा और बाहर जाने की मजबूरी होगी खत्म
अब तक इन जटिल ऑपरेशनों के लिए शाहपुरा और आस-पास के मरीजों को भीलवाड़ा, उदयपुर या जयपुर जैसे बड़े शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी, जो आर्थिक और शारीरिक रूप से कष्टदायक था। डॉ. रवि वर्मा इससे पूर्व शाहपुरा के सेटेलाइट चिकित्सालय में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे स्थानीय लोग उनकी कार्यशैली से परिचित हैं।
जिला अस्पताल में इस विशेषज्ञ सेवा के शुरू होने से न केवल शाहपुरा बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।


