माण्डलगढ़: विधायक गोपाल खण्डेलवाल और जिला मंत्री आरती कोगटा ने ‘गांव चलो’ अभियान में लगाया झाड़ू, कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
माण्डलगढ़ (मोनू सुरेश छीपा)। भारतीय जनता पार्टी के ‘गांव चलो, वार्ड चलो’ अभियान के तहत माण्डलगढ़ में संगठन की मजबूती और जनसेवा का बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ। अभियान के दौरान माण्डलगढ़ विधायक गोपाल खण्डेलवाल और भाजपा जिला मंत्री व मंडल पालक आरती कोगटा के नेतृत्व में कोतवाल का खेड़ा (वार्ड नंबर 4) में कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
स्वच्छता और सम्मान का कार्यक्रम
विधायक गोपाल खण्डेलवाल और जिला मंत्री आरती कोगटा ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर ग्राम कोतवाल का खेड़ा में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद, पार्टी के आधार स्तंभ रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को ‘सुपट्टा’ पहनाकर और माला पहनाकर उनका भव्य सम्मान किया गया। इस दौरान वरिष्ठ जनों के अनुभव को संगठन के लिए अमूल्य बताया गया।
योजनाओं की जानकारी और जनसंपर्क
भाजपा जिला मंत्री आरती कोगटा और विधायक खण्डेलवाल ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के लाभ के बारे में ग्रामीणों से चर्चा की और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के पत्रक भी वितरित किए।
शक्ति केंद्रों पर दिखा उत्साह
नगर के दोनों शक्ति केंद्रों पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर था। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, निवर्तमान चेयरमैन संजय कुमार डांगी और पूर्व मंडल अध्यक्ष अर्जुन कुमार ब्रह्मभट्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।


