17 जून को होगा विराट आयोजन, हजारों विप्रजन होंगे शामिल
विप्र महाकुंभ 2026 की तैयारियां जोरों पर, कृषि उपज मंडी में कार्यक्रम स्थल का आयोजन समिति ने लिया जायजा
17 जून को होगा विराट आयोजन, हजारों विप्रजन होंगे शामिल
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। आगामी 17 जून को कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होने वाले भव्य विप्र महाकुंभ 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार को आयोजन समिति एवं विप्र समाज के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
विप्र फाउंडेशन जोन-1एफ के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने बताया कि विप्र महाकुंभ में हजारों की संख्या में विप्रजन भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विप्र यज्ञोपवीत संस्कार, महासभा, स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित होंगे। साथ ही श्रद्धालुओं को प्रखर जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। महाकुंभ के दौरान विशाल महाब्रह्म भोज का आयोजन भी होगा, जिसमें हजारों विप्रजन एक साथ पंक्तिबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण करेंगे। यह आयोजन सामाजिक समरसता, एकता एवं संगठन का अनुपम उदाहरण बनेगा।
महाकुंभ का विशेष आकर्षण भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा रहेगी। इसमें हजारों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लेंगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर यह शोभायात्रा पूरे क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का संदेश देगी।
आयोजन समिति के सदस्यों ने कृषि उपज मंडी परिसर में मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, भोजनशाला, पेयजल, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाजजनों में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
विप्र महाकुंभ 2026 को ब्राह्मण समाज के इतिहास का एक भव्य, विराट एवं यादगार आयोजन बनाने के लिए समाजजन तन, मन और धन से जुटे हुए हैं।

