वैष्णव समाज का शैक्षणिक सम्मेलन, करियर काउंसलिंग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
125 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों को कंप्यूटर, प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए
बिजयनगर (रामकिशन वैष्णव)। अखिल भारतीय वैष्णव ब्राह्मण महासभा शिक्षा निधि, युवा महासभा एवं महिला प्रकोष्ठ, अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को किशनगढ़ स्थित लव-कुश होटल में शैक्षणिक सम्मेलन, करियर काउंसलिंग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।
समारोह में वैष्णव समाज के कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं में नव-नियुक्त युवाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में लगभग 125 प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में समाज के टॉपर विद्यार्थी को कंप्यूटर, प्रशस्ति-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा की समाज की टॉपर छात्रा को भी कंप्यूटर, प्रशस्ति-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि भेंट की गई। इसके अतिरिक्त 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं कक्षा 5वीं एवं 8वीं बोर्ड परीक्षाओं में ए-ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन, पेंसिल, नगद प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। समाज की शिक्षा उन्नयन की भावना को आगे बढ़ाते हुए आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनकी शिक्षा निरंतर जारी रखने हेतु आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कु. दीपिका स्वामी, सुपुत्री रामस्वरूप स्वामी (डीडवाना-कुचामन), जिन्होंने कक्षा 12वीं में 99.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए तथा सुमित वैष्णव, सुपुत्र ओमप्रकाश वैष्णव (खातौली), जिन्होंने कक्षा 10वीं में 99.17 प्रतिशत अंक अर्जित किए, उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी एवं समाज के प्रेरणास्रोत पूज्य आचार्य पीठाधीश्वर श्री लक्ष्मी नारायण दास जी महाराज (फागली सरकार) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति एवं प्रेरणादायी उद्बोधन से समाजजनों को संस्कृति, संस्कार एवं धर्म के संरक्षण के साथ सामाजिक एकता के लिए प्रेरित किया।
करियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों एवं करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तैयारी करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजबंधुओं एवं अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं में शिक्षा, संस्कार एवं उत्कृष्टता की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर आयोजित किए जाने पर बल दिया।
समारोह की सफलता में संस्था अध्यक्ष श्यामसुन्दर वैष्णव, युवा महासभा अजमेर अध्यक्ष उत्तम वैष्णव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती योगबाला वैष्णव सहित अनेक समाजसेवियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
अंत में संस्था अध्यक्ष श्यामसुन्दर वैष्णव ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति सदैव जागरूक एवं समर्पित रहने का संदेश देते हुए कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, समाजबंधुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण वैष्णव ने किया।

