शाहपुरा में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा बोले – योग स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव
शाहपुरा, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शाहपुरा में रविवार को भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रामकोटि रामद्वारा परिसर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
प्रातः 6 बजे से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मुख्य अतिथि शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है।
विधायक बैरवा ने कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक ऊर्जा और सकारात्मक जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अनेक बीमारियों से दूर रह सकता है तथा स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।”
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, डीवाईएसपी ओमप्रकाश बिश्नोई, थाना प्रभारी सुरेश चंद्र, भाजपा जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, भाजपा जिला मीडिया सहसंयोजक मोनू सुरेश छीपा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. नारायण सिंह एवं सहायक ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. दीपिका शर्मा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा “योग से निरोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला।
Keywords: International Yoga Day 2026, Shahpura Yoga Day Celebration, Shahpura News, Rajasthan Yoga Day, Dr Lalaram Bairwa, Yoga Day Rajasthan, International Yoga Day Shahpura, Yoga Benefits, Ayush Department Rajasthan.
