अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: भाजपा जिला कार्यालय भीलवाड़ा में ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर विशेष योगाभ्यास आयोजित
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में हुआ सामूहिक योग सत्र, कार्यकर्ताओं से योग दिवस कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
भीलवाड़ा, 20 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, भीलवाड़ा में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक सामूहिक योग सत्र के रूप में संपन्न हुआ।
भाजपा जिला मीडिया संयोजक महावीर समदानी ने बताया कि योगाभ्यास का संचालन योग शिक्षिका अभीश्रुता सोलंकी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि भारत की हजारों वर्ष पुरानी योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने वाला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज विश्व के सबसे बड़े स्वास्थ्य एवं वेलनेस अभियानों में शामिल हो चुका है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक विकास का भी सशक्त आधार है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में पहली बार मनाए गए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ने अल्प समय में वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर लिया है। आज करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
मेवाड़ा ने जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 21 जून को आयोजित प्रशासनिक एवं सरकारी योग दिवस कार्यक्रमों में अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास करें।
कार्यक्रम में भीलवाड़ा नगर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। योगाभ्यास के माध्यम से सभी ने स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में योग की भूमिका को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
