Published On:

Date:

उँखलिया की होनहार बेटी के सम्मान में समाज के भामाशाहों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ, भविष्य में भी हरसंभव सहायता का भरोसा
गुलाबपुरा | संवाददाता । रामकिशन वैष्णव
भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा उपखंड क्षेत्र के ग्राम उँखलिया की अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी नोरती मेवाड़ा को मेवाड़ा कलाल समाज ने आर्थिक सहयोग प्रदान कर प्रतिभा का सम्मान किया। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाली नोरती को समाज के भामाशाहों ने ₹45,900 की सहयोग राशि भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समाज के सक्रिय पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों के आह्वान पर विभिन्न भामाशाहों ने खुलकर आर्थिक सहयोग दिया। एकत्रित राशि को सम्मानपूर्वक नोरती मेवाड़ा को सौंपते हुए समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि एक उभरती हुई प्रतिभा के प्रति समाज का विश्वास, सम्मान और प्रोत्साहन है।
समाज के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नोरती मेवाड़ा भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, राजस्थान और मेवाड़ा कलाल समाज का नाम गौरवान्वित करेंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर समाज आगे भी हरसंभव सहयोग करता रहेगा।
इस अवसर पर मेवाड़ा कलाल समाज युवा मोर्चा के संरक्षक संदीप मेवाड़ा (गुलाबपुरा), भीलवाड़ा जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष चांदमल मेवाड़ा (गागेड़ा), अजमेर जिला उपाध्यक्ष सचिन मेवाड़ा (विजयनगर), उपाध्यक्ष चंद्रशेखर मेवाड़ा (भिनाय), कोषाध्यक्ष विजय मेवाड़ा (गागेड़ा), सचिव महेन्द्र मेवाड़ा (गुलाबपुरा) सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


✍️ Byline:
मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान

Leave a Comment

Related News