भीलवाड़ा: आजाद नगर में दूषित पेयजल की आपूर्ति से त्रस्त जनता, 25 दिनों से नहीं हो रही सुनवाई; विभाग की जिम्मेदारी तय करने की मांग ✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा, 27 जून। भीलवाड़ा शहर के आजाद नगर स्थित महाप्रज्ञ सर्कल के पास की कालोनियों में इन दिनों लोग गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। यहाँ पिछले 25 दिनों से नलों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिसे पीना तो दूर, उपयोग में लेना भी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो रहा है।
अधिकारियों की उदासीनता पर सवाल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जलदाय विभाग के कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को सूचित किया है। इसके बावजूद, विभाग ने अब तक न तो पाइपलाइन की जांच की है और न ही जलापूर्ति में सुधार के लिए कोई ठोस कदम उठाए हैं। विभाग की यह उदासीनता स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।
राजस्थान जन मंच ने दी चेतावनी
पेयजल की गंभीर स्थिति और जलदाय विभाग की लापरवाही को देखते हुए मोहल्ले वासियों ने राजस्थान जन मंच के अध्यक्ष कैलाश सोनी से गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को समझते हुए राजस्थान जन मंच के जिला उपाध्यक्ष जय नारायण जोशी ने तुरंत प्रभाव से मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
जय नारायण जोशी ने जलदाय विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क कर दो टूक कहा कि भीषण गर्मी में दूषित पानी की सप्लाई न केवल लापरवाही है, बल्कि यह एक बड़ी स्वास्थ्य आपदा को भी न्योता दे रही है। जन मंच के हस्तक्षेप के बाद जलदाय विभाग के अधिकारियों ने 2 दिनों के भीतर समस्या का स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया है।
जनता की मांग: जल्द हो समस्या का समाधान
आजाद नगर वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटों (2 दिन) के भीतर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो राजस्थान जन मंच के बैनर तले जलदाय विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
