शाहपुरा की ग्राम पंचायत बोरडा में आयोजित ग्रामीण जन कल्याण शिविर में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में मकान पट्टे, मनरेगा जॉब कार्ड, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पढ़ें पूरी खबर 👇👇👇

Published On:

Date:

शाहपुरा: ग्राम पंचायत बोरडा के ग्रामीण जन कल्याण शिविर में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सुनीं समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश
बोरडा (शाहपुरा), 29 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत बोरडा में आयोजित ग्रामीण जन कल्याण शिविर में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों एवं परिवेदनाओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को मकान के पट्टे वितरित किए गए। इसके साथ ही मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड प्रदान किए गए तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के लाभार्थियों को बीमा प्रमाण पत्र सौंपे गए।
आंगनबाड़ी विभाग द्वारा बच्चों को पोषण आहार वितरित किया गया तथा बालिका जन्मोत्सव मनाकर बेटी बचाओ और बेटी सम्मान का संदेश दिया गया। शिविर में ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई, ताकि पात्र परिवार अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाना है। ग्रामीण जन कल्याण शिविरों के जरिए आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम सुनील, तहसीलदार भींवराज परिहार, बीडीओ प्रकाश चंद स्वर्णकार, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर, सरपंच निंबाराम भील, सांवर गुर्जर, गोपाल गुर्जर, जगदीश जाट, जगदीश बैरवा (जग्गू राणा), सूर्य प्रकाश शर्मा, महेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत स्तरीय कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment