*विधायक अर्जुनलाल जीनगर के जन्मदिन पर 1 दिसंबर को होंगे धार्मिक, सामाजिक और विकास के विविध कार्यक्रम*
*कपासन एवं राशमी क्षेत्र में देवदर्शन से शुरू होगी दिनभर की श्रृंखला, कई विकास परियोजनाओं का होगा शुभारंभ*
सत्यनारायण सेन
कपासन/गुरला।
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर के जन्मदिन के अवसर पर आगामी 1 दिसंबर को कपासन विधानसभा क्षेत्र में पूरे दिन विभिन्न धार्मिक, समाजसेवी और विकासोन्मुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राशमी भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश जाट और पहुंना भाजपा मंडल अध्यक्ष नारायणलाल अहीर ने इसकी विस्तृत जानकारी दी।
विधायक जीनगर अपने जन्मदिन की शुरुआत सुबह 7 बजे राशमी के हनुमान मंदिर में देवदर्शन से करेंगे। इसके बाद 7:30 बजे जाड़ेश्वर महादेव मंदिर, 8 बजे अलख वेद गुरुकुल गौशाला पुठवाड़िया में गौसेवा और 8:30 बजे मंगलेश्वर महादेव मातृकुण्डिया में दर्शन करेंगे। इसके पश्चात सांवलियाजी मंदिर मंडफिया, श्री शनिदेव मंदिर आली और रणछोड़ रायजी मंदिर धमाणा में दर्शन के कार्यक्रम होंगे।
इसके बाद कपासन नगर में विकास कार्यों की श्रृंखला आरंभ होगी। सांवलियाजी स्वागत द्वार, सांवलियाजी चौराहा, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति उद्यान और छत्रपति शिवाजी चौक का उद्घाटन किया जाएगा। उपजिला चिकित्सालय में डिजिटल एक्स-रे मशीन, एम्बुलेंस और लेबोरेट्री भवन का शुभारंभ स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाएगा।
कपासन नगर में दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों में सरोवर बालाजी डोम में 221 किलो अन्नकूट प्रसाद वितरण विशेष आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम का समापन राजराजेश्वर सरोवर परिसर में होने वाली आतिशबाजी के साथ होगा।


