देवरिया बाला जी रोड पर घटिया पेचवर्क का असर
ट्रैक्टर–ट्रॉली आए दिन धँस रही, पीएचईडी विभाग पर लापरवाही के आरोप
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा। दीपावली से पूर्व शहर के देवरिया बाला जी रोड पर पीएचईडी विभाग द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद किए गए पेचवर्क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग के ठेकेदार ने मानकों को दरकिनार कर घटिया स्तर का पैचवर्क किया, जिसके चलते सड़क की सतह कमजोर पड़ गई है।
स्थिति यह है कि रोजाना कभी बजरी से भरे ट्रैक्टर, तो कभी मिट्टी और मलबे से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली सड़क किनारे धँस जाती हैं। शनिवार को भी एक मलबा भरी ट्रॉली सड़क के कटे हिस्से में धँस गई। गनीमत रही कि वाहन चालक समय रहते संभल गया और कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि सड़क पर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि लगातार होती दुर्घटनाओं पर रोक लग सके। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की समीक्षा की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


