वार्ड 13 इंद्रा कॉलोनी में नहर का पानी बना संकट
दीवार टूटने से परेशान वार्डवासी, पार्षद राजेश सोलंकी ने प्रशासन को कराया अवगत
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।
द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा वार्ड नम्बर 13 इंद्रा कॉलोनी के वार्डवासी पिछले 2 से 3 साल से नहर की टूटी दीवार के कारण गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। नहर की दीवार टूटने से लगातार पानी मोहल्ले में रिसने लगा है, जिससे घरों में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है।
वार्डवासियों ने बताया कि वे कई बार इस समस्या को लेकर प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि यदि स्थिति पर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया तो पानी सीधे घरों में भर जाएगा और बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि नहर की दीवार टूटने के कारण साँप और अन्य जहरीले जीव मोहल्ले में प्रवेश कर रहे हैं, जो बच्चों और बुजुर्गों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। इससे पहले भी इसी वार्ड में एक बच्चे की मौत हो चुकी है। लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता तो इंद्रा कॉलोनी के निवासी नगर पालिका में धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
पार्षद राजेश सोलंकी मौके पर पहुंचे और स्थिति का मुआयना कर प्रशासनिक अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दीवार टूटने से बड़ी मात्रा में पानी बाहर निकल रहा है और यदि मरम्मत नहीं की गई तो रातभर में पूरा मोहल्ला पानी से भर सकता है।
सोलंकी ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नहर की दीवार की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि वार्डवासी सुरक्षित रह सकें और किसी संभावित अनहोनी से बचा जा सके।


