नगरपालिका की बड़ी कार्रवाई: 179 किलो पॉलिथीन जब्त, दुकानदारों से 3000 रुपये जुर्माना
शाहपुरा में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक के तहत आकस्मिक निरीक्षण, टीम ने दुकानदारों को दी समझाइश

By: *मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा
राज्य सरकार के निर्देशों के तहत सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक को लेकर नगरपालिका शाहपुरा द्वारा मंगलवार को बाजार क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की गई। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान विभिन्न दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन कैरी बैग पाए जाने पर कुल 179 किलो पॉलिथीन जब्त की गई तथा दुकानदारों से 3000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई नगरपालिका आयुक्त रिंकल गुप्ता के निर्देशन में की गई। निरीक्षण दल में स्वास्थ्य निरीक्षक हेमन्तदत्त पौण्डरिक, जमादार विकास घूसर, गंगासागर, कालूलाल, उत्तम घूसर, कुशल सहित अन्य कर्मचारियों की टीम मौजूद रही।
कार्रवाई के दौरान निरीक्षण दल ने दुकानदारों व ग्राहकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जागरूक किया। टीम ने सभी नागरिकों से कपड़े या जूट के थैले अपनाने की अपील की।
आयुक्त रिंकल गुप्ता ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा—
“प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग बंद कर कपड़े या जूट के थैले अपनाएं, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।”

