लोक कवि मोहन मण्डेला ऑडिटोरियम एवं खेल अकादमी की स्वीकृति पर विधायक डॉ. बैरवा का सम्मान
शाहपुरा में बनने वाले अत्याधुनिक ऑडिटोरियम को लेकर साहित्य और कला जगत में उत्साह, सुझाव आमंत्रित करने की घोषणा

By: *मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा
शाहपुरा में लोक कवि श्री मोहन मण्डेला के नाम से प्रस्तावित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और खेल अकादमी की बजट स्वीकृति तथा शीघ्र कार्यारंभ की पहल पर साहित्य सृजन कला संगम एवं संचिका कला संस्थान द्वारा विधायक डॉ. बैरवा का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि बहुप्रतीक्षित ऑडिटोरियम को जन अपेक्षाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा तथा इसके लेआउट एवं डिज़ाइन के लिए स्थानीय नागरिकों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों के सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह परियोजना शाहपुरा के सांस्कृतिक, साहित्यिक और शैक्षणिक परिदृश्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
साहित्य सृजन कला संगम के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त साहित्यकार डॉ. कैलाश मण्डेला ने हाल ही में आयोजित लोक कवि स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में की गई घोषणा को साकार रूप देने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण बताया। साथ ही प्रस्तावित ऑडिटोरियम का नाम लोक कवि श्री मोहन मण्डेला के नाम पर ही रखने हेतु लिखित प्रस्ताव भी डॉ. बैरवा को सौंपा।
डॉ. मण्डेला ने कहा कि यह ऑडिटोरियम शाहपुरा क्षेत्र के सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक, कला, शैक्षिक एवं मनोरंजन संबंधी सभी आयोजनों का केंद्र बनेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा।
संचिका संस्थान के अध्यक्ष रंगकर्मी रामप्रसाद पारीक ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया, वहीं सचिव सत्येन्द्र मण्डेला ने शाहपुरा के विकास कार्यों में सभी जागरूक नागरिकों को राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर सहयोग देने का आग्रह किया, जिसे विधायक ने सहर्ष स्वीकार किया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. बैरवा ने यह भी कहा कि शाहपुरा को शीघ्र जिला बनाने की प्रक्रिया को गति देने के लिए वे पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से सकारात्मक कार्यों में निरंतर सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कवि दिनेश बंटी, एस्ट्रोलॉजर पं. सुनील भट्ट, सत्यव्रत वैष्णव, पत्रकार अनुज कांटिया, भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष राजेंद्र बोहरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


