गोस्वामी समाज द्वारा श्री गुरु दत्तात्रेय जयंती धूमधाम से मनाई गई
शोभायात्रा, भजन संध्या और महाआरती के साथ मनाया गया पावन पर्व
गुलाबपुरा — रामकिशन वैष्णव। द वॉयस ऑफ राजस्थान
गोस्वामी समाज द्वारा शुक्रवार को श्री गुरु दत्तात्रेय जयंती पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाई गई। समस्त दशानाम गोस्वामी समाज ने जयंती के पावन अवसर पर शहर के मुख्य मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली। गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में अखाड़ा दलों द्वारा आकर्षक करतबों का प्रदर्शन किया गया। शोभायात्रा श्री देव नारायण मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार रात्रि को श्री श्री 1008 सोमपुरी जी महाराज के सानिध्य में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तिरस से सराबोर प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो गई। संतों के प्रवचन, गुरु दत्तात्रेय भगवान की पूजा-अर्चना, महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की गई। गुरु भक्ति से परिपूर्ण आध्यात्मिक अनुष्ठान और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दिनभर चलते रहे।
कार्यक्रम में गोस्वामी समाज कमेटी के अध्यक्ष, पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


