भाजपा की जिला संगठनात्मक एवं परिचय बैठक संपन्न
राष्ट्र को परम वैभव तक ले जाने हेतु कार्य करें भाजपा कार्यकर्ता – संजय जैन
भाजपा वह दल है जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान और मूल्यांकन होता है – प्रशांत मेवाड़ा
भीलवाड़ा, 15 दिसंबर।
✍️ *मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भारतीय जनता पार्टी की जिला संगठनात्मक एवं परिचय बैठक सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक जिला प्रभारी संजय जैन (ताऊ) के मुख्य आतिथ्य, सह प्रभारी मिठूलाल जाट के सान्निध्य, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता तथा विधायक लादूलाल पीतलिया, लालाराम बैरवा, उदयलाल भड़ाना, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर एवं पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी की विशिष्ट उपस्थिति में संपन्न हुई।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी संजय जैन ने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करते हुए देश को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से जुटें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं स्वच्छ मन से किया गया कार्य संगठन को दोगुना परिणाम देता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को यह भाव रखना चाहिए कि संगठन व्यक्ति से बड़ा होता है। संजय जैन ने कहा कि भीलवाड़ा के कार्यकर्ता किसी भी लक्ष्य को पूर्ण करने में सक्षम हैं और इन्हीं के परिश्रम से भीलवाड़ा कांग्रेस मुक्त हो पाया है।
जिला सह प्रभारी मिठूलाल जाट ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा है, जिसके करोड़ों हाथ समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है और यह स्व-अनुशासन से ही आता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा वह पार्टी है जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है तथा समय-समय पर उसके कार्यों का उचित मूल्यांकन किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर अनेक अभियानों में प्रदेश स्तर पर अग्रणी रहा है। इस अवसर पर उन्होंने जिला संगठन की गति-प्रगति का रिपोर्ट कार्ड भी जिला प्रभारी को सौंपा।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने करतल ध्वनि के साथ धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक कार्यों के लिए राज्य सरकार को बधाई दी।
सीएम शर्मा को 130 पदाधिकारियों ने भेजी जन्मदिन की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर बैठक में उपस्थित लगभग 130 जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने पोस्टकार्ड पर शुभकामना संदेश लिखकर बधाई प्रेषित की। जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने सभी पोस्टकार्ड जिला प्रभारी संजय जैन को सौंपे, ताकि कार्यकर्ताओं की भावना मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जा सके।
परिचय सत्र एवं आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
बैठक में परिचय सत्र के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने जिला प्रभारी एवं सह प्रभारी के समक्ष अपना परिचय, कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों की जानकारी दी। इसके पश्चात सेवा-सुशासन पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
श्रवण यंत्र भेंट, सम्मान कार्यक्रम आयोजित
सीएम भजनलाल शर्मा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बैठक के दौरान सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के राजपुरा गांव निवासी बालिका खुशी खारोल को अतिथियों द्वारा श्रवण यंत्र भेंट किया गया। वहीं निवर्तमान उप जिला प्रमुख शंकर गुर्जर के कोटा देहात जिला सह प्रभारी मनोनीत होने तथा वरिष्ठ नेता उम्मेद सिंह राठौड़ के जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष निर्वाचित होने पर सम्मान किया गया।
बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री अविनाश जीनगर ने व्यक्त किया। बैठक में जिलेभर से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


