निःशुल्क क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का शुभारंभ, आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
डॉ. लालाराम बैरवा ने किया उद्घाटन, राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयोजित हुआ शिविर
शाहपुरा।

✍️ *मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग द्वारा श्री रामनिवास धाम ट्रस्ट एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क आयुर्वेद क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का शुभारंभ आज रामशाला परिसर, शाहपुरा में किया गया। शिविर का उद्घाटन शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक चिकित्सा प्रणाली है, जो आज भी अनेक जटिल रोगों के उपचार में प्रभावी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जिसके तहत बजट एवं संसाधनों में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। वहीं माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर संचालक डॉ नारायण सिंह ने कहा कि क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा विशेष रूप से भगंदर, बवासीर एवं फिस्टुला जैसे रोगों के उपचार में अत्यंत प्रभावी, सुरक्षित एवं किफायती पद्धति है। ऐसे निःशुल्क शिविरों से आमजन को बिना बड़े खर्च के बेहतर उपचार उपलब्ध हो पाता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, एडीएम शाहपुरा प्रकाशचंद, महाराज सिंह, गोविंद सोडानी (भारत विकास परिषद), पवन, शिव सिंह, राजेंद्र बोहरा, पंकज सुगंधी, कैलाश धाकड़, महावीर सैनी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा के प्रति आमजन में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में रोगियों ने पंजीकरण कर उपचार का लाभ उठाया।



