शहीद मेला: क्रांतिकारी केशरी सिंह बारहठ की स्मृति में देवखेड़ा में होगा शौर्य दिवस आयोजन
23 दिसंबर को शहीद दिवस पर वंदे मातरम् व तिरंगा यात्रा के साथ दी जाएगी क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि

✍️ *मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
देवखेड़ा (भीलवाड़ा)।
आदर्श गांव क्रांति तीर्थ देवखेड़ा में क्रांतिकारी शिरोमणि ठा. केशरी सिंह बारहठ की स्मृति में शौर्य दिवस एवं शहीद मेला का भव्य आयोजन मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। यह आयोजन देशभक्ति, त्याग और बलिदान की अमर गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:15 बजे होगा। आयोजन स्थल केशरी सिंह बारहठ राजकीय प्राथमिक विद्यालय, देवखेड़ा रहेगा। इस अवसर पर वंदे मातरम् व तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो देवखेड़ा से प्रारंभ होकर शहीद केशरी सिंह बारहठ स्मारक, शाहपुरा तक पहुंचेगी।
आयोजकों के अनुसार शहीद मेले में बारहठ परिवार के महान राष्ट्रभक्तों—
वीरवर ठा. जोरावर सिंह बारहठ एवं अमर शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ—के योगदान को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों के बलिदान से परिचित कराना है।
इस राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत आयोजन में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी वर्ग एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजक संस्था अमर शहीद कुं. प्रताप सिंह बारहठ (राष्ट्रीय) सेवा संस्थान, शाहपुरा, भीलवाड़ा द्वारा सभी देशप्रेमियों से कार्यक्रम में सहभागी बनकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने की अपील की गई है।
शौर्य दिवस न केवल एक आयोजन है, बल्कि यह राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व भी है, जो समाज में राष्ट्रभक्ति और आत्मगौरव की भावना को और अधिक प्रबल करेगा।


