पौष बड़ा महोत्सव में ठाकुर जी को दाल-ढोकले का भोग, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
बनेड़ा (केके भंडारी)।
कस्बे में पौष बड़ा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर चौखी बावड़ी स्थित श्री श्याम बिहारी मंदिर में ठाकुर जी को दाल-ढोकले का विशेष भोग अर्पित किया गया, वहीं बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन का आनंद लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर के पंडित मुरलीधर पाराशर ने जानकारी देते हुए बताया कि पौष माह के उपलक्ष्य में रविवार को प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालु राधे-रानी एवं श्रीकृष्ण के भजनों की मधुर धुनों पर भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
दोपहर 12:15 बजे विधिवत महाआरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात ठाकुर जी को अर्पित दाल-ढोकले के प्रसाद का श्रद्धालुओं में वितरण किया गया।
महोत्सव के दौरान श्री श्याम बिहारी जी का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसने भक्तों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास से सराबोर रहा।
पौष बड़ा महोत्सव में ठाकुर जी को दाल-ढोकले का भोग, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
Leave a comment
Leave a comment


